गोरखपुर: गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में देश की दुर्लभ पुंगनूर नस्ल की गायें पहुंच चुकी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को इन नन्ही गायों (बछिया-बछड़ा) को बड़े प्यार से दुलारा और अपने हाथों से गुड़ खिलाया। गोरक्षपीठ, जो गोसेवा के लिए प्रसिद्ध है, में पुंगनूर गाय का आना मंदिर के गोवंश संसार को और समृद्ध बनाता है।

शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री योगी की दिनचर्या हमेशा की तरह परंपरागत रही। उन्होंने गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर मत्था टेका। गोसेवा उनके दिन का अहम हिस्सा होती है, और इस बार पुंगनूर नस्ल की बछिया-बछड़ा का आगमन इसे खास बनाता है। योगी आदित्यनाथ ने इन गायों को दुलारते हुए उनके माथे पर हाथ फेरा, गर्दन सहलाई, और भावुक होकर कहा, “तुम्हें माई की याद आ रही है, ना?” कुछ समय तक वह इन्हें दुलारते रहे और फिर अपने हाथों से उन्हें गुड़ खिलाया।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने गोशाला के अन्य गोवंशों के साथ भी समय बिताया। उन्होंने श्यामा, गौरी, गंगा, भोला जैसे नामों से गायों को पुकारा। उनकी आवाज सुनते ही कई गायें उनके पास दौड़कर आ गईं। योगी आदित्यनाथ ने सभी गायों को प्यार से दुलारा और अपने हाथों से गुड़ खिलाया। उन्होंने गोशाला के कार्यकर्ताओं से गोवंशों के स्वास्थ्य और देखभाल के बारे में जानकारी ली और जरूरी निर्देश दिए।

UP Ki Awaaz 24x7
Share.
Leave A Reply

Exit mobile version