मौनी अमावस्या मेले में कल होगा भव्य राम-राम कुश्ती महादंगल का आयोजन, देश-विदेश के पहलवान दिखाएंगे दमखम
डुमरियागंज सिद्धार्थनगर। राप्ती नदी तट स्थित परशुराम वाटिका में मौनी अमावस्या के अवसर पर लगने वाले पारंपरिक मेले में इस वर्ष भी धर्म रक्षा मंच के तत्वाधान में भव्य राम-राम कुश्ती महादंगल का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर शुक्रवार को दंगल स्थल का निरीक्षण पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह, उपजिलाधिकारी राजेश कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी बृजेश कुमार वर्मा, प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव एवं ईओ सचिन कुमार पटेल के द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।निरीक्षण के दौरान मंच, दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, स्वच्छता, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया और संबंधित जिम्मेदारों को सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं भव्य रूप देने पर विशेष जोर दिया।पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर 17 व 18 जनवरी को दो दिवसीय राम-राम कुश्ती महादंगल का आयोजन किया गया है। इस महादंगल में देश-विदेश के मशहूर पहलवान भाग लेंगे और अपने दांव-पेंच व कुश्ती कौशल का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि इस बार कई नामी पहलवानों का आगमन सुनिश्चित है, साथ ही स्थानीय पहलवानों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर धर्म रक्षा मंच के संरक्षक द्वारा आयोजन से संबंधित बैठक कर विभिन्न पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को उनकी जिम्मेदारियां सौंपी गईं, ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। निरीक्षण एवं बैठक के दौरान लवकुश ओझा, चन्द्र प्रकाश उर्फ चंदू चौधरी, धर्मराज वर्मा, दीपेंद्र विक्रम सिंह, दिलीप पाण्डेय, तिलक बाबा, शैलेश सिंह, शत्रुहन सोनी, हरीश पाण्डेय, राजन अग्रहरि सहित कई लोग मौजूद रहे।



